
स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोट

संत निरंकारी बाबा बाबा हरदेव सिंह के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर लक्सर क्षेत्र में भव्य जल-स्वच्छता एवं सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान पौराणिक पश्चिम वाहिनी बाणगंगा तट पर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में सेवादारों ने भाग लिया।


इस आयोजन का नेतृत्व संत निरंकारी मिशन के सेवादारों ने किया। लक्सर क्षेत्र की चार शाखाओं से जुड़े सैकड़ों स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर नदी तट और आसपास के क्षेत्र की सफाई की।

उल्लेखनीय है कि पश्चिम वाहिनी बाणगंगा का संबंध महाभारत काल से जुड़ा माना जाता है। मान्यता है कि अज्ञातवास के दौरान पांडवों ने इसी गंगा तट पर अपना तप स्थल बनाया था, जिससे इस स्थान का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व और बढ़ जाता है।


इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सेवादारों ने नदी तट से कचरा हटाया और जलधारा की व्यापक सफाई की। अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश भी दिया गया।

सेवादारों ने कहा कि “स्वच्छ जल ही स्वस्थ जीवन की नींव है।” उनका मानना है कि इस प्रकार के अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं और लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हैं।


स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।


इस स्वच्छता अभियान ने जन्मोत्सव के अवसर को सेवा और समर्पण के भाव से जोड़ते हुए समाज को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

