
स्थान : लालकुआँ
ब्यूरो रिपोट

दिल्ली में आयोजित एआई इंपैक्ट समिति के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के विरोध में आज लालकुआं के कोतवाली चौराहे पर भाजपा युवा मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दिपेन्द्र कोश्यारी ने किया।


इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन कर कड़ा विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी की गई और कांग्रेस के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया गया।


दिपेन्द्र कोश्यारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जब पूरा विश्व भारत की तकनीकी प्रगति, डिजिटल क्रांति और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में बढ़ती शक्ति की सराहना कर रहा है, ऐसे समय में विदेशी मंच पर विरोध प्रदर्शन करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास विरोध की राजनीति से भरा हुआ है और उसने हमेशा पार्टी हित को देशहित से ऊपर रखा है। उनके अनुसार, अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास राष्ट्रहित के खिलाफ है।

कोश्यारी ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन विदेशी प्रतिनिधियों के सामने देश की गरिमा को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है। उन्होंने इसे देश की प्रगति में बाधा डालने वाला कदम बताया।

उन्होंने कहा कि आज का भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और तकनीकी नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में इस प्रकार के विरोध देश की उपलब्धियों को कमतर आंकने जैसा है।

भाजपा युवा मोर्चा ने स्पष्ट किया कि वह देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगा। साथ ही राहुल गांधी से पूरे देश से माफी मांगने की मांग भी की गई।

