ओखलकांडा ब्लॉक के गांवों में विधायक राम सिंह कैड़ा का दौरा, समस्याओं के समाधान के निर्देश

ओखलकांडा ब्लॉक के गांवों में विधायक राम सिंह कैड़ा का दौरा, समस्याओं के समाधान के निर्देश

स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोट

भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक के विभिन्न गांवों का आज विधायक राम सिंह कैड़ा ने दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने नाई, भीडापानी, बारमधार, कोटली, सौड़े और साल सहित कई गांवों का भ्रमण किया।

दौरे के दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। लोगों ने बताया कि कई स्थानों पर सड़कें जर्जर हैं और विद्युत आपूर्ति भी बाधित रहती है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

विधायक कैड़ा ने मौके से ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने मोटर मार्गों पर डामरीकरण और नव निर्माण के लिए शीघ्र डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने को कहा, ताकि कार्य जल्द शुरू हो सके।

विधुत विभाग के अधिकारियों को भी विद्युत आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए गए। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए।

विधायक कैड़ा ने कहा कि सरकार की योजनाएं गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, इस दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। आम जनता तक पहुंचकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि जिन गांवों में अब तक सड़क सुविधा नहीं पहुंची है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेस-4 के अंतर्गत जोड़ने हेतु प्रस्ताव भेज दिया गया है। संबंधित अधिकारियों को मोटर मार्गों की डीपीआर शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जल्द ही इन गांवों में भी सड़क निर्माण कार्य शुरू हो सके।