लालकुआँ में होमगार्ड खरीद घोटाले पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर कसा तंज

लालकुआँ में होमगार्ड खरीद घोटाले पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर कसा तंज

स्थान –लालकुआँ
ब्यूरो रिपोर्ट

सूबे में होमगार्ड विभाग में वर्दी और अन्य सामान की खरीद में भारी गड़बड़ियों के आरोपों ने प्रदेश की राजनीति में भूचाल ला दिया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है और इसे सीधे तौर पर “घोटालेबाज़” करार दिया है।

सोमवार को लालकुआँ पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में पूरी तरह डूबी हुई है और अब इसके खुलासे खुद सरकार के आला अधिकारियों द्वारा भी किए जा रहे हैं।

यशपाल आर्य ने कहा, “होमगार्ड विभाग में वर्दी और अन्य सामान की खरीद में जो गड़बड़ी सामने आई है, वह केवल एक मामला नहीं, बल्कि इस सरकार की कार्यशैली का आईना है।

डीजी होमगार्ड की जांच में जो खुलासे हुए हैं, वे राज्य में भ्रष्टाचार के बड़े पैमाने को दर्शाते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “जब पुलिस से जुड़े अधीनस्थ विभाग में ही इस स्तर का भ्रष्टाचार हो रहा है, तो अन्य विभागों की स्थिति का अनुमान आसानी से लगाया जा सकता है।

यह पहला घोटाला नहीं है, इस सरकार ने ऐसे न जाने कितने घोटाले किए हैं।”

कांग्रेस नेता ने सरकार से उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार को खुली छूट दी गई है और आम जनता की गाढ़ी कमाई को लूटा जा रहा है।

यशपाल आर्य ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मामले में सख्त कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।

यह मामला प्रदेश की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ाने के साथ ही भ्रष्टाचार के खिलाफ आम जनता और विपक्षी दलों में गहरी नाराजगी का सबब बन गया है।