हल्द्वानी में रेलवे ट्रैक पर युवक की इयरफोन लगाकर मौत, हादसा दर्दनाक

हल्द्वानी में रेलवे ट्रैक पर युवक की इयरफोन लगाकर मौत, हादसा दर्दनाक

स्थान – हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसमें रेलवे ट्रैक पर इयरफोन लगाकर बैठे एक युवक की तेज रफ्तार ट्रेन ने कुचल कर मौके पर ही मौत कर दी।

जानकारी के अनुसार, हाथीखाल निवासी 25 वर्षीय विकास रविवार देर शाम बाइक लेकर घर से निकला था। वह तीन पानी फ्लाईओवर के पास बाइक सड़क किनारे खड़ी कर रेलवे ट्रैक पर बैठ गया और कानों में इयरफोन लगाकर गाने सुनने लगा।

रात करीब 9 बजे हल्द्वानी से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार ट्रेन उसकी चपेट में आ गई। इयरफोन लगे होने के कारण युवक को ट्रेन की आवाज सुनाई नहीं दी। हादसा इतना भयावह था कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया और वह मौके पर ही जान गंवा बैठा

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हल्द्वानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के अनुसार, विकास सात भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। लगभग ढाई महीने पहले ही उसके साथ बाइक एक्सीडेंट हुआ था, लेकिन वह अब सामान्य रूप से चलने-फिरने लगा था। हादसे की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।

हल्द्वानी कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।

यह दर्दनाक घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि रेलवे ट्रैक जैसे खतरनाक स्थानों पर लापरवाही और इयरफोन का उपयोग जानलेवा साबित हो सकता है।

पुलिस और प्रशासन ने लोगों से ऐसे स्थानों पर सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।