मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं

स्थान – देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमें स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने और अपने लक्ष्यों के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य करने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और इसी उद्देश्य से “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” जैसे कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है, ताकि शासन की योजनाएं सीधे आम जनता तक पहुंच सकें।

उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड के मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की बात कही और समान नागरिक संहिता को लागू किए जाने को राज्य के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ठीक एक वर्ष पूर्व 27 जनवरी को उत्तराखंड में यूसीसी लागू किया गया था, जो सामाजिक समानता और सुशासन की दिशा में एक बड़ा कदम है।

मुख्यमंत्री धामी ने उद्योगों को बढ़ावा देने और निवेशकों को आकर्षित करने के लिए किए गए नीतिगत सुधारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रोजगार सृजन और आर्थिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है।

अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” और “आत्मनिर्भर भारत” के महाअभियान में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार उसी दिशा में लगातार कार्य कर रही है।