
स्थान -हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

योग गुरु स्वामी रामदेव ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी और इस मौके पर राष्ट्रीय और वैश्विक परिस्थितियों पर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि आज दुनिया एक बहुत खतरनाक दौर से गुजर रही है, जहां टैरिफ, सत्ता और सम्पत्ति के मुद्दे लगातार देशों के बीच तनाव पैदा कर रहे हैं।


स्वामी रामदेव ने वैश्विक आर्थिक हालात का उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका ने कनाडा को 100 प्रतिशत टैरिफ की धमकी दी, वहीं भारत पर 25, 50 और 100 प्रतिशत टैरिफ की धमकी दी जा चुकी है। कभी-कभी किसी देश पर तो 500 प्रतिशत टैरिफ की चेतावनी भी दी जाती है, जो विश्व व्यापार और आर्थिक संतुलन के लिए चुनौतीपूर्ण है।


उन्होंने कहा कि भारत के भीतर भी सनातन धर्मियों में कुछ लोग एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करके सनातन धर्म में उन्माद फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। गौ माता, गंगा और भक्ति के नाम पर ऐसे कार्य समाज में अस्थिरता पैदा कर सकते हैं।

स्वामी रामदेव ने इस परिस्थिति में देश को संगठित और एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का निर्माण करना होगा ताकि राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक स्थिरता और सामाजिक सौहार्द सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने लोगों से स्वदेशी चेतना और संगठनात्मक एकजुटता अपनाने की अपील की, ताकि भारत अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों और आंतरिक अस्थिरताओं का सामना मजबूती से कर सके।

