
स्थान – बागेश्वर
ब्यूरो रिपोर्ट
शुक्रवार को मौसम में अचानक आए बदलाव के बाद बागेश्वर जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गई।


कपकोट क्षेत्र की पिंडरघाटी में स्थित ऊंचाई वाले गांव बोरबलड़ा, खाती, झूनी और खलझूनी में बारिश के बाद तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिसके चलते हल्का हिमपात हुआ।


बर्फबारी के कारण क्षेत्र में ठंड काफी बढ़ गई है। ऊंचाई वाले गांवों में सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। वहीं, पहाड़ों पर बर्फ की हल्की चादर बिछने से क्षेत्र का नजारा भी खूबसूरत हो गया है।


हालांकि किसानों ने इस बर्फबारी को राहत भरा बताया है। किसानों का कहना है कि इससे रबी फसलों को पर्याप्त नमी मिलेगी, जिससे फसल उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है।

प्रशासन के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है। लोगों को ठंड को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से भी मौसम की जानकारी लेकर ही निकलने की अपील की गई है।


