द्वाराहाट क्षेत्र की पहाड़ियों में मौसम की पहली बर्फबारी, ठंड में हुआ इजाफा

द्वाराहाट क्षेत्र की पहाड़ियों में मौसम की पहली बर्फबारी, ठंड में हुआ इजाफा

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत

द्वाराहाट क्षेत्र में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दूनागिरि, स्वर्गपुरी पांडव खोली और भटकोट की ऊँची पहाड़ियों में मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। दोपहर लगभग एक बजे से शुरू हुई बर्फबारी ने पूरे क्षेत्र को ठंड की चपेट में ले लिया।

सुबह से ही क्षेत्र में हल्की बारिश होती रही, जिसके बाद ऊँचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने लगी। बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

गुरुवार रात से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। देर रात ठंड बढ़ने के साथ तापमान और नीचे चला गया, जिसका असर शुक्रवार को साफ नजर आया। मौसम में आए इस बदलाव से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

रानीखेत क्षेत्र में भी शुक्रवार दोपहर से रिमझिम बारिश शुरू हो गई। लगातार बारिश के कारण यहां भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।

चौबटिया, पांडवखोली, दूनागिरि और भटकोट जैसे ऊँचाई वाले क्षेत्रों में हुए पहले हिमपात से पहाड़ों की सुंदरता और बढ़ गई है। बर्फ से ढकी पहाड़ियों का नजारा देखने लायक बन गया है।

हालांकि बर्फबारी जहां पर्यटन और जलस्रोतों के लिए लाभकारी मानी जा रही है, वहीं ठंड बढ़ने से स्थानीय लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेने को मजबूर हैं।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। प्रशासन ने ऊँचाई वाले क्षेत्रों की ओर जाने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।