उधम सिंह नगर: हाईवे किनारे युवक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा

उधम सिंह नगर: हाईवे किनारे युवक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा

स्थान : किच्छा
ब्यूरो रिपोर्ट

उधम सिंह नगर जिले के किच्छा कोतवाली अंतर्गत 11 जनवरी को हाईवे किनारे मिले युवक के शव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रारंभिक जांच में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवक की गला घोटकर हत्या की गई थी। दो दिन बाद युवक की पहचान बरेली निवासी 25 वर्षीय दिनेश गंगवार के रूप में हुई। घटना की सूचना पर परिजनों ने किच्छा कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी और भोजीपुरा बरेली से किच्छा तक करीब 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की। फुटेज की पड़ताल के बाद पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया।

जांच में सामने आया कि जिला बरेली के शीशगढ़ निवासी विजयपाल और जिला रामपुर के दीपक मौर्य ने मृतक दिनेश की बाइक लूटने के इरादे से गला घोटकर हत्या की थी। इसके बाद उन्होंने युवक का शव सड़क किनारे फेंक दिया और मोबाइल फोन व बाइक लूटकर फरार हो गए।

उधम सिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपियों ने हल्द्वानी में केवल 20 हजार रुपए में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मोटर साइकिल बेच दी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई मोटर साइकिल और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।

अभी पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर चुकी है और घटना में शामिल अन्य संभावित साथियों की भी तलाश की जा रही है।