विकासनगर में 20 वर्षीय नर हाथी की संदिग्ध मौत, वन विभाग में हड़कंप

विकासनगर में 20 वर्षीय नर हाथी की संदिग्ध मौत, वन विभाग में हड़कंप

लोकेशन : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

विकासनगर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां 20 साल के एक नर हाथी का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। यह मामला कालसी वनप्रभाग की तिमली रेंज के अंतर्गत जाटोवाला गांव का है, जहां एक खेत में हाथी का शव मिलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर तिमली रेंज अधिकारी पंकज ध्यानी और डीएफओ कालसी मयंक गर्ग अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र को सील कर दिया और भीड़ को नियंत्रित किया, ताकि किसी भी तरह का साक्ष्य नष्ट न हो सके।

इसके बाद वेटरनरी डॉक्टरों की टीम को बुलाकर हाथी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हालांकि प्रारंभिक जांच में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। आशंका जताई जा रही है कि हाथी की मौत प्राकृतिक कारणों, जहर दिए जाने या किसी दुर्घटना के चलते हुई हो सकती है।

पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद हाथी के शव को मौके पर ही दफना दिया गया, ताकि पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित न हो।

वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।

फिलहाल एहतियात के तौर पर इलाके में गश्त बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है, क्योंकि यह क्षेत्र हाथियों की आवाजाही के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है।