
स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

चंपावत जिले में पिछले चार महीनों से बारिश और बर्फबारी न होने के कारण पड़ रही कोरी ठंड अब गंभीर संकट का रूप लेती जा रही है। लगातार सूखे मौसम के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में बुजुर्गों और बच्चों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है।


कोरी ठंड की चपेट में आकर कई बुजुर्ग और बच्चे बीमार हो गए हैं, जिन्हें लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती बुजुर्गों को सांस लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते उन्हें कृत्रिम ऑक्सीजन दी जा रही है।

निमोनिया के बढ़ रहे मामले
लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्ञान प्रकाश और डॉ. अजीम ने बताया कि क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी न होने से कोरी ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। इसका सीधा असर बच्चों और बुजुर्गों की रोग प्रतिरोधक क्षमता पर पड़ रहा है, जिससे बड़ी संख्या में लोग बीमार हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कोरी ठंड के कारण कई बुजुर्ग और बच्चे निमोनिया से पीड़ित पाए गए हैं।


डॉक्टरों की सलाह
डॉक्टरों ने कहा कि इस समय बच्चों और बुजुर्गों को विशेष देखभाल की आवश्यकता है।
- ठंड से बचाव को पहली प्राथमिकता दें।
- बीमार होने की स्थिति में मरीज को तुरंत अस्पताल लाया जाए।
- भोजन में पोषण का विशेष ध्यान रखा जाए।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्ञान प्रकाश ने बताया कि बच्चों को खुले में न नहलाएं, बल्कि बंद और गर्म कमरे में ही स्नान कराएं। इसी तरह बुजुर्गों की नियमित देखभाल और गर्म कपड़ों का उपयोग अत्यंत आवश्यक है।

सावधानी जरूरी
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि ठंड को हल्के में न लें और बुजुर्गों व बच्चों की सेहत पर विशेष नजर रखें, ताकि गंभीर बीमारियों से बचा जा सके।


