उत्तराखंड में सदस्यता युद्ध तेज, भाजपा-कांग्रेस संगठन मजबूत करने में जुटे

उत्तराखंड में सदस्यता युद्ध तेज, भाजपा-कांग्रेस संगठन मजबूत करने में जुटे

स्थान – देहरादून

ब्यूरो रिपोर्ट

बीते बुधवार प्रदेश भाजपा मुख्यालय में कई जनप्रतिनिधियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।

वहीं, हाल ही में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में भी 21 रिटायर्ड अधिकारियों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। इससे संकेत मिलता है कि दोनों राजनीतिक संगठन आगामी 2027 विधानसभा चुनावों के लिए अपनी तैयारियों में जुट गए हैं।

भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि पूरे देश में लोग भाजपा से जुड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

उत्तराखंड में भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने सदस्यता ग्रहण की है।

परिहार ने बताया कि राज्य में भाजपा सरकार चौमुखी विकास कर रही है, जिसके चलते लंबे समय से कई लोग पार्टी से जुड़ने के इच्छुक थे।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अपने सदस्यता अभियान के प्रति गंभीर नहीं रही और उसकी नकारात्मक राजनीति के कारण संगठन निचले स्तर पर पहुंच गया है।

परिहार ने कहा कि कई कांग्रेस के बड़े नेता पहले से ही भाजपा के संपर्क में हैं और वे जल्द ही संगठन में शामिल होंगे।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि सदस्यता अभियान दोनों दलों के लिए आगामी चुनाव में जनसमर्थन बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने का एक रणनीतिक कदम है।