दिल्ली महा रैली की तैयारियों को लेकर खटीमा कांग्रेस कार्यालय में बैठक, विधायक भुवन कापड़ी ने केंद्र पर साधा निशाना

दिल्ली महा रैली की तैयारियों को लेकर खटीमा कांग्रेस कार्यालय में बैठक, विधायक भुवन कापड़ी ने केंद्र पर साधा निशाना

स्थान – खटीमा/उधम सिंह नगर
रिपोर्ट -अशोक सरकार

खटीमा कांग्रेस कार्यालय में किसान कांग्रेस प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष हरजिंदर सिंह लाडी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने आगामी 14 दिसंबर 2025 को दिल्ली रामलीला मैदान में होने वाली “राहुल गांधी की वोट चोर गद्दी छोड़ रैली” की तैयारियों को लेकर बैठक की। इस महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक में खटीमा विधायक भुवन कापड़ी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने बताया कि दिल्ली में प्रस्तावित महा रैली को सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर व्यापक योजना तैयार की जा रही है। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं और उत्तराखंड से बड़ी संख्या में लोगों को रैली में शामिल करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

इस मौके पर विधायक भुवन कापड़ी ने केंद्र सरकार की चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में किए गए बदलाव पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा—

“देश में पहली ‘चोरी’ तब हुई जब केंद्र सरकार ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया बदल दी। पहले यह चयन एक पारदर्शी और संतुलित प्रणाली के तहत होता था, लेकिन अब सरकार ने प्रक्रिया बदलकर लोकतंत्र की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर गहरा प्रहार किया है।”

उन्होंने आगे कहा कि 14 दिसंबर की रैली ऐतिहासिक होने जा रही है, जिसमें उत्तराखंड से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली पहुंचकर लोकतंत्र की रक्षा का संदेश देंगे।

बैठक में मौजूद नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे रैली को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें और संगठन स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दें।