हल्द्वानी बेस अस्पताल में आधुनिक ICU शुरू, गंभीर मरीजों को बड़ी राहत

हल्द्वानी बेस अस्पताल में आधुनिक ICU शुरू, गंभीर मरीजों को बड़ी राहत

टॉप… हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी के बेस अस्पताल में लंबे समय से बंद पड़ा आईसीयू आखिरकार फिर से शुरू हो गया है। हमारा चैनल सबसे पहले इस महत्वपूर्ण मुद्दे को सामने लाया था कि जरूरतमंद मरीजों के बावजूद ICU बंद पड़ा है। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इस पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि 5 दिसंबर से पहले ICU को हर हाल में शुरू किया जाए।

गुरुवार को 9 बेड वाले इस आधुनिक और अत्याधुनिक ICU ने औपचारिक रूप से सेवाएं देना शुरू कर दीं। लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह ICU कुमाऊं के गंभीर मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगा, जिन्हें अब इलाज के लिए हायर सेंटर या निजी अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

उद्घाटन नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ संयुक्त रूप से किया। जिलाधिकारी ने बताया कि ICU में विशेषज्ञ डॉक्टरों और अनुभवी नर्सिंग स्टाफ की तैनाती कर दी गई है। यहां 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी उपलब्ध रहेगी जिससे आपात स्थितियों में त्वरित उपचार सुनिश्चित हो सकेगा।

हल्द्वानी के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि इस ICU के शुरू होने से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत ने जानकारी दी कि ICU में 4 एनेस्थेटिक डॉक्टर, 4 अनुभवी नर्सिंग स्टाफ, 3 सर्जन और 3 फिज़िशियन रोटेशन के आधार पर तैनात किए गए हैं। ICU शुरू होने से न केवल मरीजों को बाहर जाने की जरूरत कम होगी, बल्कि उपचार की गुणवत्ता में भी महत्वपूर्ण सुधार होगा।

बेस अस्पताल में ICU शुरू होने से पूरे कुमाऊं मंडल के हजारों मरीजों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं अब स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी।