

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट



जिलाधिकारी सविन बंसल ने बुधवार को केदापुरम स्थित राजकीय नारी निकेतन, बालिका निकेतन, बाल गृह एवं शिशु सदन का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। डीएम ने कहा कि ये संस्थान बेसहारा, परित्यक्त और शोषित महिलाओं व बच्चों के पुनर्वास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए यहां सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जाना प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है।


सुरक्षा को और मजबूत किया गया
निरीक्षण के दौरान डीएम ने नारी निकेतन की सुरक्षा बढ़ाने के लिए दो महिला होमगार्ड को तत्काल तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर की निगरानी और सुरक्षा प्रबंधन को अधिक सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया।


स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार
जिलाधिकारी ने नारी निकेतन में दो अतिरिक्त नर्सों की नियुक्ति करने, और तैनात डॉक्टरों को नियमित विजिट सुनिश्चित कराने के आदेश दिए।
उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए RBSK टीम को निर्देशित किया कि वह नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य परीक्षण करे और किसी भी कमी या बीमारी का तत्काल इलाज सुनिश्चित करे।

शिशु सदन में बढ़ती ठंड को देखते हुए सभी कमरों में ऑयल हीटर लगाने के निर्देश भी डीएम ने दिए।

बालिका निकेतन में खेल मैदान का निर्माण

डीएम सविन बंसल ने बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल-कूद गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु परिसर में एक समुचित खेल मैदान बनाने के निर्देश दिए।
यह मैदान खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन और योग जैसी गतिविधियों के अनुरूप डिजाइन किया जाएगा।


महिलाओं-बच्चों से सीधा संवाद, मनोवैज्ञानिक समर्थन पर जोर
निरीक्षण के दौरान डीएम ने महिलाओं और बच्चों से सीधे वार्ता कर उनकी जरूरतों और समस्याओं को जाना।
उन्होंने कहा कि नारी और बाल निकेतन की निवासी महिलाएं व बच्चे किसी न किसी सदमे से गुज़रे होते हैं, इसलिए विशेषज्ञों की मदद से उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की प्रक्रिया लगातार जारी रहनी चाहिए।


अतिरिक्त सुविधाओं पर तेज़ी से काम
डीएम ने निर्माणाधीन डोरमेट्री भवन का निरीक्षण करते हुए बताया कि इसका निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और दो महीनों के भीतर इसे निकेतन को समर्पित कर दिया जाएगा।
इसके साथ ही परिसर में कई अन्य कार्य जैसे—
- शौचालय व स्नानागार का सुदृढ़ीकरण
- मंदिर परिसर की ग्रिल
- जिम और प्रयोगात्मक क्षेत्र का समतलीकरण
- ऑल-वेधर रास्ता
- रसोई व लॉन्ड्री रूम सुधार
- बैटरी इन्वर्टर सिस्टम
— तेज़ी से कराए जा रहे हैं।

आधार कार्ड के लिए 11 मोबाइल फोन स्वीकृत
महिलाओं और बच्चों के आधार कार्ड अपडेट/निर्माण के लिए जिलाधिकारी ने मौके पर ही 11 मोबाइल फोन व सिम स्वीकृत किए।

ठंड में वितरित किए गर्म कपड़े
मानवीय पहल दिखाते हुए डीएम बंसल ने महिलाओं, बालिकाओं और शिशुओं को स्वेटर, टोपी और मिठाई वितरित कीं, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे।

निर्माण कार्य में देरी बर्दाश्त नहीं — डीएम
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नारी निकेतन में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए निर्माण कार्यों में कोई भी अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी।
अतिरिक्त भवन और अन्य सुधार कार्य पूरे होने के बाद निकेतन की क्षमता और सुविधाओं में बड़ा सुधार आएगा।
जिलाधिकारी का यह निरीक्षण संस्थानों में सुरक्षा, स्वास्थ्य और पुनर्वास सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


