उन्नत खेती–समृद्ध किसान कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, किसानों ने “किसान पुत्र” की उपाधि देकर किया सम्मानित

उन्नत खेती–समृद्ध किसान कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, किसानों ने “किसान पुत्र” की उपाधि देकर किया सम्मानित

स्थान- खटीमा /उधम सिंह नगर उत्तराखंड
रिपोर्ट – अशोक सरकार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार शाम खटीमा पहुंचे, जहां उन्होंने उन्नत खेती–समृद्ध किसान कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने मुख्यमंत्री धामी का जोरदार स्वागत किया।

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उन्हें फूलमालाएं पहनाकर, पुष्पवर्षा करते हुए और नई फसल का गन्ना भेंट कर सम्मानित किया। किसानों ने मुख्यमंत्री को “किसान पुत्र” की उपाधि देकर उनका अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने इस स्नेह और सम्मान के लिए किसानों व स्थानीय जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी तरह समर्पित है और खेती को लाभकारी बनाने पर लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों की मांगों और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाकर ₹405 प्रति क्विंटल कर दिया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में ₹30 अधिक है। इसे राज्य में गन्ने के मूल्य को लेकर अब तक का ऐतिहासिक निर्णय बताया गया।

सीएम धामी ने कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता है कि चीनी मिलें किसानों की उपज का भुगतान समय पर करें। जहां–जहां भुगतान या क्रय प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा आएगी, उसे तुरंत दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर किसान हितैषी नीतियों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर निरंतर कार्य कर रही हैं। किसान सम्मान निधि, समर्थन मूल्य निर्धारण और समयबद्ध भुगतान जैसी योजनाओं से खेती को और अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में प्रयास जारी हैं।