

लोकेशन – लंढौरा
रिपोर्ट – अर्सलान अली


लंढौरा में रुड़की–लक्सर मार्ग पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। मोहल्ला मिरासियान निवासी 35 वर्षीय साजिद उर्फ़ बुद्धन, पुत्र खुर्शीद, पैदल घर जा रहे थे, तभी गन्ने से भरे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक का पहिया साजिद के सिर से होकर गुजर गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।



जानकारी के अनुसार, साजिद लंढौरा बस अड्डे से घर लौट रहे थे। यह हादसा नगर पंचायत कार्यालय के पास हुआ। टक्कर मारने के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने पीछा कर ट्रक को शिकारपुर पुलिया के पास छोड़वाया, जबकि चालक फरार हो गया।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रुड़की सरकारी अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम करवा दिया। मृतक के अचानक निधन से परिवार में शोक की लहर फैल गई। चौकी प्रभारी महिपाल सैनी ने बताया कि तहरीर मिलने पर आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



हादसे के कारण सड़क पर करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बन गई थी। स्थानीय लोगों ने कहा कि गन्ने से भरे ट्रकों की गति नियंत्रण में नहीं होने से अक्सर हादसे होते हैं, इसलिए ड्राइवरों को सतर्क रहने की जरूरत है।



