

स्थान -विकासनगर

रिपोर्ट – इलाम सिंह चौहान


टोंस नदी के बीच एक पोकलेन मशीन अचानक फंस गई, जिससे मशीन चला रहे ऑपरेटर की जान मुश्किल में पड़ गई। मामला इच्छाड़ी डैम से बिना किसी चेतावनी छोड़े गए पानी के अचानक बहाव का है। तेज बहाव ने नदी के मिज़ाज को बदल दिया और मशीन सहित ऑपरेटर बीच मझधार में फंस गया।



सूत्रों के अनुसार, UJVNL विभाग के लिए डाउन-स्ट्रीम पर कार्य चल रहा था। ऑपरेटर रूटीन कार्य कर रहा था कि तभी डैम से छोड़ा गया पानी अचानक आईल आया। मशीन देखते ही देखते पानी के बीचों-बीच फंस गई और ऑपरेटर की जान खतरे में पड़ गई।


मौके पर अफरातफरी मच गई, लेकिन ठेकेदार के मजदूरों और UJVNL कर्मियों ने त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लंबी फ्लेक्सिबल पाइप के सहारे ऑपरेटर तक पहुंचा गया और खतरनाक परिस्थितियों में उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।



पानी का वेग कम होने के बाद पोकलेन मशीन को भी नदी से निकाल लिया गया। इस घटना ने विभाग की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग पूछ रहे हैं कि क्या बिना चेतावनी पानी छोड़ना जीवन के लिए खतरा नहीं बनता? और क्या प्रशासन इस मामले में जिम्मेदारी निभा रहा है?

वहीं, प्रशासन ने फिलहाल इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।



