

स्थान – हरिद्वार

रिपोर्ट – शहजाद अली


अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अवसर पर आयोजित सहकारिता मेला 2025 का भव्य शुभारंभ ऋषिकुल मैदान में किया गया। मुख्य अतिथि विधायक मदन कौशिक ने मेले का उद्घाटन करते हुए कहा कि सहकारिता के माध्यम से लोग स्वयं सहायता समूह बनाकर स्थानीय उत्पाद तैयार कर रोजगार के अवसर प्राप्त कर रहे हैं।



विधायक कौशिक ने बताया कि इस मेले से स्थानीय उत्पादकों को नई पहचान मिलेगी और उनके उत्पादों को बड़े स्तर पर बाजार उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयास गांव-गांव तक पहुंच रहे हैं, जिससे महिलाओं और युवाओं में आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत हो रही है।




कार्यक्रम में विधायक रानीपुर आदेश चौहान, मेयर किरन जैसल, अध्यक्ष नगर पालिका शिवालिक नगर राजीव शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने रिबन काटकर और दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया।



मेले में अनेक स्वयं सहायता समूहों ने अपने स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।




