विकासनगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान धीमी गति से, स्थानीयों में चिंता बढ़ी

विकासनगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान धीमी गति से, स्थानीयों में चिंता बढ़ी

स्थान – विकासनगर

रिपोर्टर – इलाम सिंह चौहान

क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 507 पर चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान में आज सुस्त रफ्तार देखने को मिली। हरबर्टपुर से बाड़वाला तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया धीमी रही।

यमुना पुल के पास अभियान में कुछ प्रगति हुई, जहां फुटपाथ पर लगे अतिक्रमण हटाने का काम शुरू हुआ, लेकिन रफ्तार बेहद कम रही। विभाग ने पीला पंजा (JCB मशीन) तैनात की थी, जिसने जगह-जगह खड़े छोटे-मोटे अतिक्रमण हटाए, जबकि कई दुकानदारों ने खुद अपने टीन शेड और निर्माण तोड़ने की कार्रवाई की।

कुछ लोगों ने अतिरिक्त समय मांगा, जिस कारण टीम ने भी कार्रवाई धीमी गति से जारी रखी। इस बीच, ग्राम प्रधान डुमेट पूरण शर्मा ने अभियान की अस्पष्टता को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना था कि विभाग ने यह स्पष्ट नहीं किया कि कितनी दूरी तक अतिक्रमण हटाया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों में भ्रम और असंतोष बढ़ा है।

मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारी मीडिया से दूरी बनाए रखते नजर आए और कैमरे के सामने खुलकर स्थिति स्पष्ट नहीं की। इससे अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया को लेकर जनता में मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हैं।