कथित वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का केंद्र पर हमला, 14 दिसंबर को रामलीला मैदान में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली

कथित वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का केंद्र पर हमला, 14 दिसंबर को रामलीला मैदान में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली

स्थान – विकासनगर

रिपोर्टर – इलाम सिंह चौहान

कथित वोट चोरी और मतदाता सूची में हेरफेर के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी मुद्दे पर कांग्रेस 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में “वोट चोर, गद्दी छोड़” नाम से विशाल महारैली आयोजित करेगी। यह जानकारी पछवादून प्रभारी आर्येन्द्र शर्मा और पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने विकासनगर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।

प्रेस से बातचीत में आर्येन्द्र शर्मा ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “देश का लोकतंत्र खतरे में है… और इसकी सबसे बड़ी वजह है वोट चोरी।”
उन्होंने कहा कि संविधान को कमजोर करने की कोशिशें बढ़ रही हैं और निर्वाचन आयोग भी अब तटस्थ भूमिका में नजर नहीं आ रहा।

शर्मा ने बताया कि देशभर से लाखों लोगों ने कांग्रेस के पक्ष में हस्ताक्षर भेजे हैं, जिनमें मतदाता सूची से विपक्ष समर्थकों के नाम हटाए जाने, फर्जी वोट जोड़े जाने और अन्य गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है।

उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी।
“14 दिसंबर की महारैली लोकतंत्र को कथित वोट चोरों से मुक्त कराने की लड़ाई की शुरुआत होगी,” शर्मा ने कहा।

पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस हर स्तर पर इस लड़ाई को मजबूती से लड़ेगी और देशभर में मतदाता अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करेगी।

कांग्रेस नेताओं का दावा है कि महारैली बेहद बड़ी और प्रभावशाली होगी, जिसमें देशभर से कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे।