दूधली–डोईवाला बायपास चौड़ीकरण का रास्ता साफ, PWD ने शुरू की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

दूधली–डोईवाला बायपास चौड़ीकरण का रास्ता साफ, PWD ने शुरू की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

लोकेशन – डोईवाला
रिपोर्टर – आशीष यादव

लंबे समय से संकरे पड़े दूधली–डोईवाला वाया बायपास मार्ग के चौड़ीकरण का इंतजार कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। वर्षों से मांग उठाए जाने के बाद अब इस सड़क के चौड़ीकरण कार्य का रास्ता साफ होता दिखाई दे रहा है।

मंगलवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) ने दुधली रोड चौड़ीकरण की दिशा में पहला कदम उठाते हुए प्रेमनगर से दूधली तक अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। विभाग की टीम जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और सड़क के दोनों ओर बने अतिक्रमण को हटाने का काम शुरू किया।

PWD के सहायक अभियंता सुरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि यह मार्ग लगभग 7 किलोमीटर लंबा है और दशकों पुराना होने के कारण अब तक सिंगल लेन के रूप में ही उपयोग में था। संकरी सड़क होने के कारण इस मार्ग पर कई गंभीर हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं।

स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से सड़क को चौड़ा कर डबल लेन बनाने की मांग कर रहे थे। अब विभाग द्वारा अतिक्रमण हटाने का काम शुरू होने के बाद चौड़ीकरण कार्य जल्द ही प्रारंभ किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार चौड़ीकरण पूरा होने पर न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी और डोईवाला–देहरादून आवागमन भी बेहतर होगा।