

रिपोर्ट – संजय जोशी
स्थान – रानीखेत


ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान आज देशभक्ति के जोश से सराबोर हो गया, जब कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर (KRC) में 603 अग्निवीरों ने भारतीय सेना का हिस्सा बनते हुए देश की आन-बान-शान की रक्षा करने की शपथ ली।



31 सप्ताह के कठिन सैन्य प्रशिक्षण के बाद आयोजित इस भव्य कसम परेड में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। KRC के धर्मगुरुओं ने अग्निवीरों को विधिवत शपथ दिलाई। अग्निवीरों के छठे बैच ने नौसैनिक बहादुरगढ़ की अगुवाई में कदमताल करते हुए परेड की, तो मैदान देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।



KRC कमांडर ब्रिगेडियर संजय कुमार यादव ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को सम्मानित भी किया गया।


इस दौरान KRC का सैन्य बैंड ‘कदम-कदम बढ़ाए जा’ की धुन पर मधुर स्वर लहरियां बिखेरता आगे बढ़ता रहा, जिसने माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया। शपथ ग्रहण के बाद अग्निवीर अपने परिजनों से मिलकर खुशी से झूम उठे।


ब्रिगेडियर यादव ने सभी नए अग्निवीरों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा—
“आज कुमाऊं रेजिमेंट, जो भारतीय सेना की सबसे बड़ी और श्रेष्ठतम रेजिमेंटों में एक है, उसमें 603 नए योद्धा शामिल हुए हैं। आने वाले समय में ये सभी अग्निवीर देश और सेना का नाम गौरवान्वित करेंगे।”

समारोह का समापन एक अभूतपूर्व देशभक्ति के माहौल के साथ हुआ, जिसने हर किसी के दिल में भारतीय सेना के प्रति गर्व को और गहरा कर दिया।



