

स्थान – उत्तरकाशी

रिपोर्ट -दीपक नौटियाल


सीमांत जनपद उत्तरकाशी की संस्कृति और पौराणिक धरोहर का प्रतीक माघ मेला इस साल भी भव्यता के साथ आयोजित होने जा रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चोहान की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में मेले की तैयारियों का जायजा लिया गया।



जिला अध्यक्ष ने सभी संबंधित विभागों को समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही, इस बार मेले को और भी भव्य बनाने के लिए विशेष समितियों का गठन भी किया गया।



माघ मेला उत्तरकाशी में पौराणिक काल से आयोजित किया जा रहा है। पुराने समय में यह मेला इतना प्रसिद्ध था कि तिब्बत के व्यापारी भी इसमें हिस्सा लेने आते थे। जनपद के गठन के बाद से यह मेला जिला पंचायत के द्वारा हर साल नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है।


मेला न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि उत्तरकाशी की चारों घाटियों की संस्कृति और लोक कला का जीवंत प्रदर्शन भी करता है। आयोजन में स्थानीय संस्कृति, हस्तशिल्प, पारंपरिक नृत्य-गान और व्यंजन प्रदर्शनी का समावेश रहता है, जिससे यह मेला पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन जाता है।


जिला प्रशासन ने कहा कि इस बार भी मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।



