चमोली: अतिथि प्रवक्ता युनूस अंसारी नाबालिगों के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार

चमोली: अतिथि प्रवक्ता युनूस अंसारी नाबालिगों के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार

स्थान – चमोली

चमोली जिले के कॉलेज गौणा में पढ़ाने वाले अतिथि प्रवक्ता युनूस अंसारी को दो नाबालिग छात्र–छात्रा के यौन शोषण के गंभीर आरोपों में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शिकायत मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने करीब 12 घंटों के भीतर यूपी के बिजनौर जिले के जलालाबाद से आरोपी को पकड़ लिया।

अंसारी पर आरोप है कि वह परीक्षा में असफल करने की धमकी देकर बच्चों का शोषण करता था। मामला 30 नवंबर को तब प्रकाश में आया, जब पीड़ित परिवारों ने कोतवाली चमोली में तहरीर दी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया और 14 दिन की न्यायिक हिरासत में पुरसाड़ी जेल भेजा गया।

एसपी सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर एसआई विजय प्रकाश की अगुवाई में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने सर्विलांस और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी का ठिकाना खोजकर उसे धर दबोचा। टीम के लिए 2500 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि अंसारी लंबे समय से बच्चों के साथ गलत बर्ताव करता रहा। मूल रूप से बिजनौर निवासी यह शिक्षक वर्षों पहले चमोली छोड़कर परिवार सहित यूपी चला गया था, फिर भी उसे चमोली तहसील से स्थायी निवास प्रमाणपत्र जारी किया गया। इसी प्रमाणपत्र के आधार पर उसे अतिथि शिक्षक की नियुक्ति मिली। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रमाणपत्र जारी करने में संबंधित अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है। साथ ही यह भी सामने आया है कि आरोपी के परिवार का पहले भी दो विवादों से नाता रहा है। इस घटना से क्षेत्र में सुरक्षा और शिक्षा संस्थानों की जांच व निगरानी को लेकर चिंता बढ़ गई है।