

स्थान – देहरादून

रिपोटर – सचिन कुमार


उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रमुख चेहरे और उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के दिग्गज नेता रहे दिवाकर भट्ट के निधन के बाद उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पूरे गढ़वाल मंडल में कलश यात्रा निकाली गई। दिवाकर भट्ट उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के ऐसे पुरोधा थे, जिनका संघर्ष, नेतृत्व और व्यक्तित्व हमेशा याद किया जाएगा।



श्रद्धांजलि यात्रा देहरादून स्थित उत्तराखंड क्रांति दल के मुख्यालय से शुरू हुई। यात्रा डोईवाला, ऋषिकेश, देवप्रयाग, श्रीनगर होते हुए रुद्रप्रयाग में विश्राम करेगी। यह यात्रा 6 दिसंबर तक चलेगी और अंतिम रूप से हरिद्वार में जाकर संपन्न होगी।




दिवाकर भट्ट के योगदान को याद करते हुए उत्तराखंड क्रांति दल युवा प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष कुलदीप रावत ने कहा—
“दिवाकर भट्ट का व्यक्तित्व इतना प्रभावशाली था कि आज उत्तराखंड का युवा भी उन्हें श्रद्धा से याद करता है। राज्य आंदोलन में उनका योगदान अमूल्य है और सदैव प्रेरणा देता रहेगा।”



राज्य निर्माण की लड़ाई में अहम भूमिका निभाने वाले दिवाकर भट्ट के प्रति लोगों की आस्था और सम्मान को देखते हुए श्रद्धांजलि यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। यात्रा के दौरान लोगों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण विदाई दी।


