

लंबे समय से जर्जर पड़े धारी–पोखराड़–चौखुटा–कसियालेख मोटर मार्ग के डामरीकरण को आखिरकार सरकार से हरी झंडी मिल गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मार्ग के लिए 5 करोड़ 47 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। स्वीकृति मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।



यह सड़क काफी समय से खराब स्थिति में थी, जिसके कारण ग्रामीणों, किसानों और आने-जाने वाले पर्यटकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। लगातार उठ रही शिकायतों को देखते हुए ग्रामीणों ने विधायक राम सिंह कैड़ा से मार्ग के डामरीकरण की मांग की थी।


विधायक कैड़ा ने जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विधायक ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर डामरीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया था।




विधायक की मांग पर सकारात्मक संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री धामी ने 5.47 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की।
विधायक कैड़ा ने कहा कि बहुत जल्द इस मार्ग पर डामरीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी समस्या समाप्त होगी।



उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त सड़कों के डामरीकरण का कार्य लगातार प्रगति पर है।

ग्रामीणों ने सड़क स्वीकृति को लेकर विधायक कैड़ा का धन्यवाद किया है।


