

लोकेशन- ऋषिकेश

संवाददाता – सागर रस्तोगी


पांच वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ के मामले में अब पुलिस उन लोगों पर शिकंजा कसने जा रही है जिन्होंने पीड़िता की पहचान सोशल मीडिया पर उजागर कर वीडियो वायरल किए। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।



मामले की विवेचना कोतवाली ऋषिकेश में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर वर्षा रमोला को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में जिन-जिन लोगों के नाम वीडियो वायरल करने को लेकर सामने आएंगे, उनके विरुद्ध गिरफ्तारी की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


एसपी जया बलूनी ने बताया कि पांच वर्षीय बच्ची के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास करने वाले 63 वर्षीय आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। लेकिन घटना के बाद कुछ लोगों ने पीड़िता का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिससे न केवल बच्ची की पहचान उजागर हुई बल्कि परिवार को भी सामाजिक बदनामी झेलनी पड़ी।

एसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी नाबालिग पीड़िता की पहचान सार्वजनिक करना कानूनन अपराध है। इसी आधार पर पुलिस ने वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सोशल मीडिया से कई वीडियो लिंक सुरक्षित कर लिए गए हैं और पुलिस ने संबंधित लोगों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।



पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होते ही वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ जल्द कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



