


रिपोर्टर: सुनील सोनकर

स्थान : मसूरी

मसूरी का शांत वातावरण इन दिनों फर्जी ईमेलों और बदनामी की साजिशों से हिल उठा है। शहर में स्थानीय भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल के नाम से विभिन्न बैंकों और प्रतिष्ठित स्कूलों को धमकी भरे व मानहानि करने वाले ईमेल भेजे जाने से हड़कंप मच गया।




घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली मसूरी ने तुरंत शिकायत दर्ज कर साइबर सेल को मामला सौंपा है। पुलिस के अनुसार, पहले भी राज्य के बैंक शाखाओं को रजत अग्रवाल के नाम से फर्जी ईमेल प्राप्त हो चुके हैं, जिसमें लोन माफ करने के लिए दबाव बनाया गया था और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी गई थी।



बुधवार को मसूरी में भेजे गए ईमेल में ऋणधारकों की बकाया राशि माफ न करने पर “अप्रिय/गैरकानूनी घटनाओं” की धमकी और 5 करोड़ रुपये रिश्वत जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए। इन ईमेल की कापी एसडीएम मसूरी और अन्य स्थानीय कार्यालयों के साथ उच्चतम न्यायालय को भी भेजी गई।
सेंट जॉर्ज कॉलेज में भेजे गए ईमेल में न सिर्फ धमकी और भय फैलाने वाली भाषा का प्रयोग किया गया, बल्कि धर्म परिवर्तन जैसे आरोप लगाकर कॉलेज को बंद करने की चेतावनी दी गई, जिसने सामाजिक सौहार्द को झकझोर दिया।



भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि उनके नाम और पहचान का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह एक राजनीतिक साजिश भी हो सकती है और प्रशासन से दोषियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की। अग्रवाल ने पुलिस और जांच में पूरा सहयोग करने का आश्वासन भी दिया।

कोतवाल देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मामले की तकनीकी जांच के लिए ईमेल का स्रोत पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “पहले भी ऐसे मामलों में ईमेल विदेश से भेजे गए पाए गए थे। इस बार भी साइबर सेल द्वारा ट्रेस कर दोषियों को पकड़ा जाएगा। पुलिस पूरी गंभीरता से जाँच कर रही है।”



