खटीमा: ग्राम भैसिहा में बंद रास्ते को लेकर ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को दिया ज्ञापन

खटीमा: ग्राम भैसिहा में बंद रास्ते को लेकर ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को दिया ज्ञापन

स्थान – खटीमा, ऊधम सिंह नगर

रिपोर्ट – अशोक सरकार

रजा नगर आंशिक ग्रामसभा भैसिहा के ग्रामवासी पिछले समय से बंद पड़े रास्ते की समस्या से परेशान हैं। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी खटीमा को ज्ञापन देकर रास्ता खोलने की गुहार लगाई।

जानकारी के अनुसार, लगभग 3 वर्ष पहले ओम प्रकाश निषाद उर्फ बाबा ने चरनजीत सिंह पुत्र देशा सिंह के साथ मिलकर ग्राम भैसिहा की जमीन में प्लॉटिंग की थी। नक्शे में तीन रास्ते दिखाए गए थे, जिनमें प्रधानमंत्री जल योजना के तहत पानी की पाइप लाइन भी शामिल थी। इस प्लॉटिंग में लगभग 60 प्लॉट काटे गए, जिनमें कुछ गरीब लोगों ने अपना घर भी बना लिया।

हालांकि बाद में ओम प्रकाश और चरनजीत सिंह के विवाद के कारण चरनजीत सिंह ने रास्ता बंद कर दिया और जमीन में धान की खेती शुरू कर दी। इससे ग्रामवासियों का आना-जाना मुश्किल हो गया और बच्चों के लिए स्कूल जाने का रास्ता भी बंद हो गया। कुछ लोगों ने प्लॉट खरीदने के बाद भी कब्जा नहीं पाया है।

ग्रामीणों ने बताया कि रास्ता बंद होने से सुरक्षा संबंधी खतरा भी बना हुआ है, क्योंकि करंट की तारें भी लगाई गई हैं।

उपजिलाधिकारी खटीमा तुषार सैनी ने बताया कि जांच में कुछ सरकारी जमीन होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि तहसीलदार की अध्यक्षता में जांच कमेटी बनाई गई है, जो पूरे क्षेत्र का निरीक्षण करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही रास्ता खुलवाकर उनके बच्चों और परिवारों की आने-जाने की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।