


स्थान:लोहाघाट( चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

पहाड़ों में हिमपात और वर्षा के दौरान विद्युत लाइनों को अक्सर नुकसान पहुँचता है, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। अब ऊर्जा निगम ने इस समस्या का समाधान निकालते हुए मुख्य विद्युत लाइनों में फाल्ट पहचान प्रणाली (Fault Passage Indicator) लगाने की योजना शुरू कर दी है।




रविवार को ऊर्जा निगम लोहाघाट के अभियंता अशोक कुवर और इलेक्ट्रोलाइट पावर प्राइवेट लिमिटेड, जयपुर के योगेश स्वामी ने बताया कि 33 केवीए की मुख्य लाइन में फाल्ट पैसेज इंडिकेटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब अगर हिमपात, वर्षा या पेड़ गिरने जैसी घटनाओं से लाइन में फाल्ट उत्पन्न होता है, तो इंडिकेटर तुरंत ब्लिप कर फाल्ट का स्थान दिखाएगा। इससे विद्युत कर्मियों को फाल्ट खोजने के लिए जंगल और खतरनाक पहाड़ों में भटकना नहीं पड़ेगा।



अशोक कुवर ने बताया कि इस प्रणाली के लगने से विद्युत कर्मियों का समय और ऊर्जा बचेगी और फाल्ट का पता लगाना तेज़ और सुरक्षित होगा। इंडिकेटर आबादी वाले क्षेत्रों में भी लगाए जा रहे हैं, जिससे जनता भी फाल्ट की जानकारी ऊर्जा निगम को तुरंत दे सकती है, और रात में भी फाल्ट का पता आसानी से लगाया जा सकेगा।


उन्होंने बताया कि फाल्ट इंडिकेटर लगाने का कार्य जारी है और जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा, जिससे लोहाघाट क्षेत्र में बिजली व्यवस्था अधिक भरोसेमंद और निर्बाध होगी।



