टिहरी में बहुउद्देशीय विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन, उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सहित कई न्यायाधीश रहे मौजूद

टिहरी में बहुउद्देशीय विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन, उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सहित कई न्यायाधीश रहे मौजूद

लोकेशन: ऋषिकेश

टिहरी गढ़वाल। जिले के ऋषिकेश स्थित मॉडर्न इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में रविवार को बहुउद्देशीय विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चला।

शिविर में आम जनता को कानूनी सहायता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर उच्च न्यायालय उत्तराखंड के मुख्य न्यायमूर्ति गुहनाथन नरेन्दर सहित जिला न्यायालय के कई न्यायाधीश भी उपस्थित रहे।

शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को विभिन्न कानूनी जानकारी प्रदान करना और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना था। जनता की समस्याओं को सुना गया और संबंधित अधिकारियों को उन्हें जल्द हल करने के निर्देश दिए गए।

कानूनी विशेषज्ञों ने आम लोगों को मौलिक अधिकार, सरकारी योजनाएँ, विवाद निपटान और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, उद्यान विभाग और कृषि विभाग के स्टॉल भी लगाए गए, जहां जनता को संबंधित विभागों से लाभ उठाने की जानकारी दी गई।

शिविर के आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के शिविर लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सरकारी सुविधाओं का सही उपयोग करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।