सरस मेला 2025 में टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने किया प्रतिभाग, रोजगार मेले में 40 कंपनियों की सहभागिता

सरस मेला 2025 में टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने किया प्रतिभाग, रोजगार मेले में 40 कंपनियों की सहभागिता

स्थान : टिहरी गढ़वाल
सरस मेला 2025 के अवसर पर रविवार को पूर्णानंद स्टेडियम, मुनिकीरेती में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने किया। इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, और मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

रोजगार मेले में 40 से अधिक कंपनियों ने भागीदारी की, जो युवाओं को 5000 से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने जा रही हैं। मेले में हजारों की संख्या में युवाओं ने रोजगार के अवसरों की जानकारी ली और कंपनियों से सीधे संवाद किया।

सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने कहा कि ऐसे विकासपरक आयोजन युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है, और सरस मेला इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में भी इसी स्थान पर सरस मेला आयोजित किया गया था, जिसकी सफलता को देखते हुए राज्य सरकार ने इस वर्ष भी आयोजन को आगे बढ़ाया है।

विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि इस प्रकार के रोजगारपरक मेलों से युवाओं को नौकरी के अवसर तो मिलते ही हैं, साथ ही उनके कौशल विकास का मार्ग भी प्रशस्त होता है।

जिला सेवायोजन कार्यालय टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। अब तक 1974 युवक-युवतियों को रोजगार प्रदान किया जा चुका है, जबकि वर्तमान में 208 प्रशिक्षार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

मेले में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित 14 युवाओं ने मंच पर अपने अनुभव साझा किए, जिससे अन्य युवाओं को प्रेरणा मिली। इसके अलावा रमन सेवा समिति की छात्राओं और संस्कार सृजन स्कूल, ढालवाला के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनसे मेले का माहौल उल्लासमय बन गया।