


स्थान: नई टिहरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर राज्यभर में चलाए जा रहे “ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान” के तहत टिहरी गढ़वाल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार रात मुनि की रेती थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर 201 ग्राम स्मैक बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है।




एसएसपी आयुष अग्रवाल के निर्देशन और एएसपी टिहरी व क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम जानकी पुल–आस्था पथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई देने पर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेश कुमार मित्तल उर्फ योगेश कुमार गुप्ता (49 वर्ष) निवासी लक्ष्मी विहार, थाना सिविल लाइन, रुड़की (जिला हरिद्वार) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह स्मैक शहजाद अली निवासी लंढौरा, हरिद्वार से लेकर आया था, जिसे अधिक दाम पर बेचने की फिराक में था।


पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 83/2025, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।

बरामदगी का विवरण:
| वस्तु | मात्रा | अनुमानित कीमत |
|---|---|---|
| स्मैक | 201 ग्राम | ₹60,00,000 |

एसएसपी आयुष अग्रवाल ने कहा कि यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चल रहे अभियान की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी अपने आसपास मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत स्थानीय पुलिस या डायल 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।




