


लोकेशन: लंढौरा
रिपोर्ट: अर्सलान अली

तहसील प्रशासन ने लंढौरा में गन्ना कोल्हुओं में प्रतिबंधित ईंधन इस्तेमाल करने पर सख्त कार्रवाई की। शनिवार को तहसीलदार विकास अवस्थी के नेतृत्व में चलाए गए छापामार अभियान के दौरान रबर, प्लास्टिक और रेक्सीन युक्त खराब कपड़े जलाते पाए जाने पर एक गन्ना कोल्हू को सील कर दिया गया।





यह लंढौरा में दो सप्ताह के भीतर दूसरी कार्रवाई है। क्षेत्र में दर्जन भर से अधिक गन्ना कोल्हू संचालित हैं, जिनमें से कई में अब भी गन्ना चर्खियों के बजाय रबर और प्लास्टिक जलाकर गुड़ बनाने की शिकायतें हैं। इससे न केवल प्रदूषण बढ़ रहा है बल्कि स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।




तहसीलदार अवस्थी ने बताया कि लंढौरा में एक गन्ना कोल्हू और एक गोदाम व प्लाट को भी सील किया गया है। मामले की रिपोर्ट ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को भेजी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि गन्ना कोल्हूओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।


कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अवस्थी के साथ नायाब तहसीलदार युसुफ़ अली, अब्दुल रहमान सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद गन्ना कोल्हू मालिकों में दिनभर हड़कंप मचा रहा।



