नरेंद्रनगर में बाल कल्याण समिति ने किया जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

नरेंद्रनगर में बाल कल्याण समिति ने किया जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

वाचस्पति रयाल-संवाददाता

नरेंद्रनगर, टिहरी गढ़वाल

छात्रों को नशा, बाल श्रम, भिक्षा और बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया

10 सितंबर: सामाजिक कुरीतियों को जड़ से मिटाने और बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला बाल कल्याण समिति टिहरी के तत्वावधान में राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, नरेंद्रनगर में एक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ऋषि कंडवाल और सदस्य राजेंद्र सिंह गुसाईं ने छात्र-छात्राओं को नशा, बाल श्रम, भिक्षावृत्ति और बाल विवाह जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये कुरीतियां समाज को अंदर से खोखला करती हैं और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए घातक हैं।

रोकथाम के उपायों पर चर्चा

छात्रों को इन समस्याओं से बचने के उपाय भी बताए गए, साथ ही संबंधित कानूनी प्रावधानों और सरकारी प्रयासों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि यदि कोई बच्चा या व्यक्ति ऐसी स्थिति में है तो उसकी सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है।

स्कूल प्रबंधन की सहभागिता

इस मौके पर पीटीए अध्यक्ष धूम सिंह रावत, प्रधानाचार्य डीएस गौतम, कॉलेज स्टाफ एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस प्रकार के कार्यक्रमों को बच्चों के मानसिक और सामाजिक विकास के लिए बेहद जरूरी बताया।