LUCC घोटाले से त्रस्त लोग सड़कों पर, पुलिस ने हटाया धरना, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

LUCC घोटाले से त्रस्त लोग सड़कों पर, पुलिस ने हटाया धरना, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

स्थान-देहरादून

उत्तराखंड में LUCC (लक्ष्य अर्बन को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी) घोटाले के खिलाफ अपनी गाढ़ी कमाई गंवा चुके निवेशक अब सड़क पर उतरने को मजबूर हो गए हैं। करोड़ों रुपये की ठगी का शिकार बने पीड़ितों ने बुधवार को दीनदयाल उपाध्याय पार्क में धरना शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद पुलिस ने भारी बल के साथ प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाकर एकता विहार धरना स्थल पहुंचा दिया।

LUCC घोटाले में अब तक हजारों निवेशकों के करोड़ों रुपये फंसे हुए हैं, जिनमें अधिकांश गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के जीवनभर की जमा-पूंजी शामिल है। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से वे सरकार और प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।


कांग्रेस ने बोला सरकार पर हमला

LUCC घोटाले को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा:

“यह घोटाला सरकार के संरक्षण में हुआ है। गरीबों, बुज़ुर्गों और मध्यमवर्गीय परिवारों की खून-पसीने की कमाई डूब चुकी है, और सरकार अब तक सिर्फ तमाशा देख रही है। दोषियों को सिर्फ जेल नहीं, बल्कि पीड़ितों का पैसा लौटाना भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।”

धस्माना ने यह भी कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को विधान सभा से लेकर सड़क तक उठाएगी और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर मंच पर सरकार से जवाब मांगेगी।