

स्थान दिनेशपुर
रिपोर्ट महेंद्र पाल सिंह गदरपुर

दिनेशपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुर्गापुर नंबर 1 स्थित सुरेंद्रनाथ इंटर कॉलेज में रविवार को आयोजित एक सम्मान समारोह कार्यक्रम के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम में शामिल जयनगर क्षेत्र के क्षेत्र पंचायत सदस्य शैलेंद्र प्रताप सिंह के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर उन्हें जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश की। घटना से समारोह स्थल पर हड़कंप मच गया।



सूत्रों के अनुसार, यह पूरी घटना उस वक्त हुई जब कार्यक्रम अपने चरम पर था। अचानक कुछ लोग शैलेंद्र प्रताप सिंह पर टूट पड़े और जमकर मारपीट करने लगे। स्कूल प्रबंधन की तत्परता से स्थिति और बिगड़ने से पहले ही पुलिस को सूचित किया गया।



पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की कार्रवाई
सूचना मिलते ही दिनेशपुर थाने से पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लेते हुए शैलेंद्र प्रताप सिंह को अपनी सुरक्षा में थाने ले गई।



घटना की जानकारी जब ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर को हुई तो वे अन्य क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ दिनेशपुर थाने पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
नामजद तहरीर दर्ज, पांच अज्ञात शामिल
शैलेंद्र प्रताप सिंह की ओर से थाने में गगन सिंह रंधावा, रेशम सिंह रंधावा सहित अज्ञात पांच अन्य लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का बयान
थाना प्रभारी ने बताया कि मामला गंभीर है, सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।



