

स्थान। सितारगंज।

रिपोर्टर। तनवीर आंसरी

पंजाब में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए सितारगंज के मुस्लिम समाज ने एक सराहनीय और मानवीय कदम उठाया है। समाज के लोगों ने एकजुट होकर राहत सामग्री एकत्र की और उसे गाड़ियों में भरकर आज पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना किया।



बाढ़ से पंजाब के कई गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अनेक परिवारों के घर पूरी तरह से तबाह हो गए हैं और लोग भोजन, पानी व अन्य जरूरी सामान की भारी कमी से जूझ रहे हैं। इस आपदा की गंभीरता को समझते हुए, सितारगंज के मुस्लिम समाज के लोगों ने आगे आकर राशन, पीने का पानी, कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री का प्रबंध किया।


समाजसेवियों ने बताया कि यह प्रयास पूरी तरह से मानवीय आधार पर किया गया है और इसका उद्देश्य पीड़ितों को राहत पहुंचाना है। राहत सामग्री से लदी गाड़ियां आज सुबह सितारगंज से रवाना की गईं, जिन्हें पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों में जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा।


स्थानीय लोगों और प्रशासन ने इस पहल की सराहना की है। यह कदम न केवल एकता और भाईचारे की मिसाल है, बल्कि यह दर्शाता है कि देश में जब कोई संकट आता है, तो सभी धर्मों और समुदायों के लोग एकजुट होकर मानवता की सेवा में खड़े हो जाते हैं।



