

तारीख: शनिवार रात


न्यूयॉर्क। दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी और डिफेंडिंग चैंपियन आर्यना सबालेंका ने लगातार दूसरी बार यूएस ओपन टेनिस खिताब जीत लिया।


शनिवार रात आर्थर ऐश स्टेडियम में खेले गए महिला सिंगल्स फाइनल में उन्होंने अमेरिका की अमांडा अनिसिमोवा को सीधे सेटों में 6-3, 7-6 (7/3) से हराया। यह सबालेंका का कैरियर का चौथा ग्रैंड स्लैम खिताब है।


27 साल की बेलारूस की खिलाड़ी इस साल तीसरी बार किसी ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंची थीं। हालांकि इससे पहले दो मौकों पर उन्हें अमेरिकी खिलाड़ियों से हार का सामना करना पड़ा। जनवरी में ऑस्ट्रेलियन ओपन में मैडिसन कीज और जून में फ्रेंच ओपन में कोको गॉफ ने उन्हें हराया था।



इस बार भी फाइनल में उनके सामने अमेरिकी खिलाड़ी थीं, लेकिन सबालेंका ने मजबूती से वापसी करते हुए खिताब अपने नाम किया। पिछले साल उन्होंने अमेरिकी जेसिका पेगुला को हराकर अपना पहला यूएस ओपन जीता था। वह 2012-14 के बीच सेरेना विलियम्स के बाद लगातार दो यूएस ओपन जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं।

फाइनल से पहले तक सबालेंका और अनिसिमोवा के बीच 9 मुकाबले खेले गए थे, जिनमें से 6 में अनिसिमोवा ने जीत हासिल की थी। हालांकि इस बड़े मुकाबले में सबालेंका ने दबदबा दिखाया।


गौरतलब है कि जुलाई में विंबलडन के सेमीफाइनल में सबालेंका को अनिसिमोवा से हार झेलनी पड़ी थी। वहीं, अनिसिमोवा को भी ग्रैंड स्लैम खिताब की तलाश अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। विंबलडन फाइनल में उन्हें इगा स्वियातेक के हाथों करारी 6-0, 6-0 से हार का सामना करना पड़ा था।




