खटीमा के बागुलिया गांव में शॉर्ट सर्किट से घर में आग, परिवार बेघर

खटीमा के बागुलिया गांव में शॉर्ट सर्किट से घर में आग, परिवार बेघर

स्थान – खटीमा ऊधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार

खटीमा। बागुलिया गांव में शनिवार सुबह शॉर्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई। हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। अचानक बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग देवाशीष सरकार पुत्र हरकेस कुमार के घर में लगी। धुआं और लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा कीमती सामान, फर्नीचर और जरूरी सरकारी दस्तावेज जलकर राख हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।

पीड़ित परिवार का कहना है कि आग से उनका सब कुछ खत्म हो गया है और अब वे सरकारी मदद की उम्मीद लगाए हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही तहसील प्रशासन हरकत में आया।

तहसीलदार खटीमा वीरेंद्र सिंह सजवान ने बताया कि आग से करीब 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि यह घटना दैवीय आपदा की श्रेणी में नहीं आती, लेकिन राजस्व उप निरीक्षक को नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट उप जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि अचानक लगी आग ने परिवार को मुश्किल हालात में डाल दिया है। फिलहाल तहसील प्रशासन ने जांच और सर्वे की प्रक्रिया शुरू कर दी है और प्रभावित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।