काठगोदाम में गौला बैराज के खोले गए सभी गेट, उफान पर गोला नदी

काठगोदाम में गौला बैराज के खोले गए सभी गेट, उफान पर गोला नदी

काठगोदाम। देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। भारी बारिश के चलते काठगोदाम स्थित गौला बैराज में पानी का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन डैम के सभी गेट खोल दिए हैं, जिससे नदी का जलस्तर और भी तेजी से बढ़ गया है।

ताजा जानकारी के अनुसार गौला बैराज से 55,000 क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है। यह सामान्य स्थिति की तुलना में कई गुना ज्यादा है। नदी का पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है और डाउनस्ट्रीम इलाके में बाढ़ जैसी स्थिति बनने लगी है।

प्रशासन ने अलर्ट मोड अपनाते हुए स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और नदी किनारे किसी भी तरह की गतिविधि से बचने की अपील की है। साथ ही, बैराज से पानी छोड़े जाने की जानकारी के लिए सायरन बजाकर अलर्ट जारी किया जा रहा है।

नदी किनारे बसी बस्तियों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को बार-बार चेतावनी दी जा रही है कि वे सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें।

अधिकारियों का कहना है कि कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश जारी रहने के कारण बैराज पर पानी का दबाव और बढ़ सकता है। ऐसे में अगले कुछ घंटों हालात और गंभीर हो सकते हैं। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीमों को भी अलर्ट पर रखा है ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य किया जा सके।