नैनीताल में बड़ा हादसा टला, टैक्सी पर गिरा विशालकाय बोल्डर

नैनीताल में बड़ा हादसा टला, टैक्सी पर गिरा विशालकाय बोल्डर

स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी बाल-बाल बचे, वाहन क्षतिग्रस्त

नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर बड़ा हादसा टला, टैक्सी पर गिरा बोल्डर, यात्री सुरक्षित

नैनीताल। कुमाऊं में लगातार हो रही मूसलधार बारिश अब कहर बरपाने लगी है। जहां नदियां और नाले उफान पर हैं, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। मंगलवार सुबह नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक टैक्सी वाहन के बोनट पर अचानक विशालकाय बोल्डर आ गिरा।

हादसे में वाहन का बोनट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि बोल्डर सीधे केबिन पर न गिरकर केवल बोनट पर गिरा। वरना वाहन में सवार सभी यात्री इसकी चपेट में आ सकते थे और एक बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार, टैक्सी में हरिद्वार जिले के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी सवार थे। वे उत्तराखंड हाईकोर्ट, नैनीताल में एक शपथ पत्र व रिपोर्ट जमा करने जा रहे थे। बोल्डर गिरने की घटना में उन्हें हल्की चोटें आईं। तुरंत ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को निकटवर्ती अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर लगातार बारिश के कारण पहाड़ से बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा गिर रहा है। इस मार्ग पर यातायात अक्सर बाधित हो जाता है और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। वहीं, प्रशासन और एनएच विभाग लगातार मार्ग को सुचारू करने और मलबा हटाने का काम कर रहे हैं।

मौसम विभाग ने पहले ही पर्वतीय जिलों में भारी बारिश और भूस्खलन का अलर्ट जारी किया था। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।