हरिद्वार पुलिस ने शिवालिक नगर लूटकांड का किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

हरिद्वार पुलिस ने शिवालिक नगर लूटकांड का किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

हरिद्वार/उत्तराखंड
संवाददाता – मनोज कश्यप

थाना रानीपुर क्षेत्र के शिवालिक नगर निवासी भेल के रिटायर्ड कर्मचारी गुलबीर चौधरी के घर पर 26 अगस्त को हुई लूटकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से लूटा गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। वहीं, एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।

गौरतलब है कि घटना के दिन गुलबीर चौधरी घर पर मौजूद नहीं थे। उनकी गैरमौजूदगी में उनकी बेटी मोना को तमंचे के बल पर डरा-धमकाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस मामले का खुलासा करते हुए हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि मुख्य आरोपी अजीत रानीपुर क्षेत्र की टिहरी विस्थापित कॉलोनी का रहने वाला है।

उसने गुलबीर चौधरी से एक जमीन का सौदा किया था। सौदे में विवाद होने के कारण अजीत अपने पैसे वापस लेना चाहता था और इसी रंजिश के चलते उसने वारदात की साजिश रची।

एसएसपी के अनुसार अजीत का परिचय मुजफ्फरनगर निवासी आरोपी सोमपाल से था। दोनों ने मिलकर दो अन्य युवकों को साथ लिया और मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटा गया पूरा सामान बरामद कर लिया है।

वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने कहा कि पुलिस अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।