

हल्द्वानी: लगातार हो रही भारी वर्षा ने शहर और उसके आसपास के इलाकों में जलभराव और तेज बहाव की स्थिति पैदा कर दी है। देवखड़ी हाइडिल, कलसिया गोला बैराज, रकसिया नाला और दमवाडूंगा क्षेत्र में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे खतरे की आशंका बढ़ गई है।



स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी नितिन लोहनी स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को अलर्ट मोड पर रहने के सख्त निर्देश दिए हैं। सीओ सिटी लगातार संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर रहे हैं और पुलिस टीमों को बैरियर लगाने व निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं।



पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार अनाउंसमेंट किए जा रहे हैं, जिसमें लोगों से सतर्क रहने और समय रहते सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की अपील की जा रही है। नाले-खाल के उफान पर आने की संभावना को देखते हुए जनता को लगातार चेताया जा रहा है कि लापरवाही न बरतें और सुरक्षा उपायों का पालन करें।



जिला पुलिस की टीमें दिन-रात प्रभावित इलाकों में सक्रिय हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। आमजन से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल पुलिस तथा प्रशासन की ओर से दी जा रही आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।



भारी वर्षा के कारण हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोगों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है।



