

उधम सिंह नगर जिले के तराई पश्चिम वन प्रभाग के फाटो जंगल से वन्यजीवों की रोमांचक और खौफनाक तस्वीर सामने आई है। यहां जंगल में घूम रहे टाइगर ने अचानक झपट्टा मारते हुए हिरण का शिकार कर लिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो जंगल में मौजूद कुछ लोगों ने कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


स्थानीय ग्रामीणों और वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, मानसून के मौसम और लगातार बदलते मौसम के कारण वन्यजीवों का व्यवहार आक्रामक हो जाता है।


अक्सर इस इलाके में बाघ और तेंदुए जैसे शिकारी जानवर वनगुर्जरों के मवेशियों को भी शिकार बना लेते हैं। आज सुबह ही एक गोवंश को बाघ ने हमला कर मार डाला।



लोगों का कहना है कि फाटो रेंज और आसपास के जंगलों में बाघ का मूवमेंट लगातार देखा जा रहा है। इस वजह से ग्रामीणों और चरवाहों में दहशत बनी हुई है। वहीं, वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।



विशेषज्ञों का कहना है कि जंगल के प्राकृतिक चक्र में शिकार सामान्य है, लेकिन जब बाघ इंसानी बस्तियों और पालतू मवेशियों को निशाना बनाने लगे तो स्थिति चिंताजनक हो जाती है। वन विभाग ने इस पर नजर बनाए रखने के लिए अपनी टीमों को अलर्ट कर दिया है।



