

स्थान। नानकमत्ता
रिपोर्ट। मो आरिफ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को नानकमत्ता पहुंचे, जहां उन्होंने नानकसागर बांध एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मानसून सीजन को देखते हुए बांध की स्थिति, जलस्तर, बाढ़ नियंत्रण की तैयारियों और सुरक्षा उपायों की जानकारी अधिशासी अभियंता से प्राप्त की।




निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून काल में हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना जरूरी है, ताकि किसी भी प्रकार से जनजीवन प्रभावित न हो। उन्होंने नानकसागर स्थित कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि बांध एवं जल निकासी की स्थिति पर लगातार कड़ी नजर रखी जाए।



मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा प्रबंधन की दृष्टि से समय रहते सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया।



उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि मानसून के दौरान किसी भी तरह की आपदा से जनता को सुरक्षित रखा जाए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई करें।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता को समय-समय पर सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, अलर्ट जारी किए जाएं और आवश्यक संसाधन पहले से उपलब्ध रखे जाएं।



