

देहरादून। महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के मुद्दे पर भाजपा ने कांग्रेस को कड़ा जवाब दिया है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए अभूतपूर्व कदम उठाए हैं।



उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिन रिपोर्टों का हवाला देकर देवभूमि की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही है, वे भ्रामक तरीके से प्रस्तुत की जा रही हैं। नौटियाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकारों में तो मंत्री और विधायक तक महिला अपराधों में संलिप्त पाए जाते थे और तब एफआईआर दर्ज करवाने के लिए भी आंदोलन करने पड़ते थे।


नौटियाल ने दावा किया कि धामी सरकार में अब तक जितने भी महिला अपराध के मामले सामने आए हैं, उनमें कोई भी आरोपी कानून के शिकंजे से बाहर नहीं रहा। कुछ मामलों में तो रिकॉर्ड समय में सुनवाई पूरी कर दोषियों को उम्रकैद तक की सजा दिलाई गई है। बाकी अपराधी भी जेल में अपनी सजा भुगतने का इंतजार कर रहे हैं।


भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए प्रदेश में कई ठोस कदम उठाए गए हैं।

- महिला पुलिसिंग को बढ़ावा दिया गया है।
- सार्वजनिक स्थलों और बाजारों में महिला जांच चौकियां बनाई गई हैं।
- महिला गश्ती दल तैनात किए गए हैं।
- बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों का सत्यापन अभियान चल रहा है।
- महिलाओं की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

नौटियाल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा लगातार झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि जनता अच्छी तरह जानती है कि भाजपा सरकार में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि “प्रदेश की जनता सही समय पर लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस को करारा जवाब देगी।”



