खटीमा: ग्राम सभा बरी अंजनिया में जीवन ज्योति ट्रस्ट ने बांटे फलदार पौधे

खटीमा: ग्राम सभा बरी अंजनिया में जीवन ज्योति ट्रस्ट ने बांटे फलदार पौधे

स्थान= खटीमा ऊधम सिंह नगर

रिपोर्ट= अशोक सरकार

उत्तरांचल जीवन ज्योति ट्रस्ट का पौधारोपण व पौधा वितरण कार्यक्रम

सीमांत क्षेत्र खटीमा के ग्राम सभा बरी अंजनिया में उत्तरांचल जीवन ज्योति ट्रस्ट द्वारा रविवार को फलदार पौधों का वितरण एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रेम प्रकाश पासी मुख्य अतिथि रहे, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज चारुबेटा के प्रवक्ता हरिओम पारखी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रेम प्रकाश पासी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ट्रस्ट का यह कदम सराहनीय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को जागरूक बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

वहीं हरिओम पारखी ने कहा कि हर परिवार को एक पेड़ अपनी मां के नाम पर लगाना चाहिए। इससे भावनात्मक जुड़ाव भी बनेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण भी तैयार होगा।

ट्रस्ट के अध्यक्ष ईश्वर सिंह ने कहा कि संस्था समाज सेवा, मानव सेवा और पर्यावरण संरक्षण को अपना ध्येय मानकर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पौधारोपण के साथ ही ट्रस्ट द्वारा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाते हैं, जिनमें मरीजों का परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। ट्रस्ट कार्यकर्ताओं ने गांव के विभिन्न हिस्सों में पौधारोपण भी किया।